हल्द्वानी में दहेज उत्पीड़न का आरोप, 11 माह के बच्चे के सामने विवाहिता से मारपीट
हल्द्वानी में घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करने और 11 माह के मासूम बच्चे के सामने बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
👉🏼 शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, हिमानी बिष्ट का विवाह 3 दिसंबर 2024 को हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने को लेकर ताने देने लगे। पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
👉🏼 11 माह के मासूम के सामने मारपीट
पीड़िता के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके 11 माह के बच्चे के सामने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जानलेवा हमला किया। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
👉🏼 बेस अस्पताल में कराया उपचार
घटना के बाद घायल विवाहिता को हल्द्वानी के बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और मेडिकल परीक्षण कराया।
पीड़िता ने पुलिस से पति और ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है।




