ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान डॉ अग्रवाल ने विभिन्न सड़कों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन सड़कों के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, उनके कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़कों का निर्माण समय पर और गुणवत्तापूर्ण होने से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी, सहायक अभियंता राजेश चौहान एवं कनिष्ठ अभियंता संजय सेमवाल उपस्थित रहे।




