सेलाकुई में चाकूबाजी से सनसनी: विवाद के बाद युवक की हत्या, आरोपी फरार
सेलाकुई। जमनपुर क्षेत्र में देर रात हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में दो युवकों के बीच कहासुनी और हाथापाई के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। सीने में चाकू लगने से 25 वर्षीय राजपाल की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 11:06 बजे की है। सूचना मिलते ही सेलाकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजपाल को 108 एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी जितेंद्र कुमार, निवासी पीलीभीत, वर्तमान में जमनपुर सेलाकुई में रह रहा था। एक भवन में जन्मदिन समारोह के दौरान बाहर रास्ते में राजपाल और जितेंद्र के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हुई। आरोप है कि इसी दौरान जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक दोनों ने शराब पी रखी थी। यह भी सामने आया है कि करीब 10–15 दिन पहले दोनों के बीच खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों में रंजिश चल रही थी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक: राजपाल पुत्र तेजराम, उम्र 25 वर्ष, मूल निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश; वर्तमान निवासी जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून.




