*भारी बारिश से सहसपुर विधानसभा में हुए नुकसान को लेकर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, त्वरित कार्रवाई के निर्देश*
*देहरादून, 02 सितम्बर।।* सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में विगत दिनों हुई भारी वर्षा के कारण विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान को लेकर सहसपुर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने आज देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान से कैंप कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक पुण्डीर ने जिलाधिकारी को क्षतिग्रस्त मार्गों, पुल, नदी के बढ़े जलस्तर के कारण उत्पन्न हुई परिस्थितियों की जानकारी देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये।
विधायक पुण्डीर ने बताया कि 31 अगस्त 2026 की रात हुई अत्यधिक भारी वर्षा के कारण सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कांसवाली-कोठारी के मजरा सोड़ा को जोड़ने वाला सेतु नदी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। सेतु का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के आवागमन में भी परेशानी हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सुद्धोवाला के अंतर्गत साईं टावर कॉलोनी में भारी वर्षा के चलते दरेड़ नदी के समीप लगभग 60 से 70 मीटर मार्ग/पुस्ता क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी जिलाधिकारी को दी गई। मार्ग के बह जाने से कॉलोनीवासियों का आवागमन प्रभावित है और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सुद्धोवाला स्थित सैनिक कॉलोनी में भी भारी वर्षा के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, महालक्ष्मी विहार कॉलोनी में दरेड़ नदी से संबंधित पूर्व में अनुमोदित बाढ़ सुरक्षा कार्ययोजना को अतिशीघ्र धरातल पर उतारने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव एवं बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
विधायक पुण्डीर ने जिलाधिकारी से इन सभी क्षतिग्रस्त स्थानों का संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण करवाकर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन सुचारु करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक ने ग्राम पंचायत भिसरास पट्टी के थान गांव से भटोली तक वैकल्पिक मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिला पंचायत देहरादून से संबंधित इस योजना के लिए वर्ष 2026-27 में ₹15 लाख की आगणन धनराशि प्रस्तावित है। विधायक ने इस मार्ग के निर्माण को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर वैकल्पिक संपर्क मार्ग उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विधायक द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
इस दौरान सुरेन्द्र, वीर सिंह, भगत सिंह आदि मौजूद रहे।




