चुनावी शंखनाद से पहले ही आर-पार शुरू ! कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही मंच पर भिड़ गए कांग्रेसी!!
2027 विधानसभा चुनाव के लिए शुरू किए गए कांग्रेस के ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ में मंगलवार को पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में आयोजित सम्मेलन के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी के संबोधन से विवाद शुरू हुआ।
उन्होंने नगर निकाय चुनाव में टिकट और पार्टी से अलग होकर काम करने को लेकर विधायक मयूख महर पर परोक्ष निशाना साधा। इसके बाद विधायक मंच पर ही नाराज हो गए और समर्थकों के साथ सभागार छोड़कर बाहर निकल गए।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच से घोषणा की गई थी कि सम्मेलन में केवल परिवर्तन संकल्प अभियान और जनता के मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन पहले ही भाषण में राजनीतिक तंज से माहौल गर्मा गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने भावना नगरकोटी से संबोधन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने बोलना जारी रखा।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी अपनी सीट से उठकर स्थिति संभालने पहुंचे, लेकिन तब तक विधायक मयूख महर विरोध जताते हुए मंच छोड़ चुके थे।
विधायक के उठते ही उनके समर्थक भी सभागार से बाहर निकलने लगे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही ‘मयूख महर मुर्दाबाद’ के नारे लगाए, जिससे सम्मेलन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।




