कोटद्वार के कंचनपुरी में बन रहे कूड़ा निस्तारण केंद्र को लेकर आज उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन जी से मुलाकात हुई। मुख्य सचिव जी ने इसका संज्ञान लिया है और जल्द शहरी विकास विभाग के सचिव को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
दिनांक: 29 जून 2026
कोटद्वार
कंचनपुरी कूड़ा निस्तारण केंद्र के विरोध में मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन, मुख्य सचिव ने लिया संज्ञान
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने आज उत्तराखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर कंचनपुरी, कोटद्वार में प्रस्तावित ठोस कूड़ा निस्तारण केंद्र के विरोध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के दौरान राम कंडवाल ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण केंद्र के निकट बोक्सा जनजाति का महिला छात्रावास, कॉन्वेंट विद्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, मुख्य राजमार्ग, निकट बहने वाली नदी तथा कण्व आश्रम जाने का मुख्य मार्ग स्थित है। इसके अलावा क्षेत्र की जनता पिछले 40 दिनों से लगातार शांतिपूर्ण धरने पर बैठकर इसका विरोध कर रही है।
राम कंडवाल ने मांग की कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए इस परियोजना को कंचनपुरी से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए।
मुख्य सचिव के समक्ष रखी गई प्रमुख मांगें
1. कंचनपुरी में प्रस्तावित ठोस कूड़ा निस्तारण केंद्र पर तत्काल रोक लगाई जाए।
2. 70 मीटर की दूरी पर स्थित कॉन्वेंट विद्यालय के विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखा जाए।
3. 100 मीटर की दूरी पर स्थित बोक्सा जनजाति महिला छात्रावास की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाए।
4. मुख्य राजमार्ग से सटे होने के कारण होने वाले प्रदूषण एवं यातायात संबंधी प्रभावों का संज्ञान लिया जाए।
5. कण्व आश्रम के मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए स्थान बदला जाए।
6. आसपास की घनी आबादी को देखते हुए इस स्थान का चयन निरस्त किया जाए।
7. निकट स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रों के स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक वातावरण की रक्षा की जाए।
8. निकट बहने वाली नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए परियोजना को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
9. उत्तर प्रदेश सीमा से लगे उपयुक्त क्षेत्र में 5–7 बीघा भूमि उपलब्ध कराकर वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित किया जाए।
मुख्य सचिव ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय पर संबंधित विभागीय सचिवों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी तथा सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
राम कंडवाल ने कहा कि यदि जनहित और पर्यावरण की अनदेखी कर कंचनपुरी में ही कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाने का प्रयास किया गया, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।




