तिलवाड़ा में 60 मीटर गहरी खाई में गिरी एसयूवी, SDRF-पुलिस ने पांच लोगों को बचाया
रुद्रप्रयाग, 7 जून। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश नंबर की एक एसयूवी अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में सवार पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:10 बजे जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन संख्या UP-16 DK-0856 (XUV700) सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। वाहन में सवार सभी लोग घायल अवस्था में मदद का इंतजार कर रहे थे।
खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम रस्सियों के सहारे खड़ी ढलानों से नीचे उतरी और घायलों तक पहुंचकर उन्हें स्ट्रेचर व रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान प्रिंस सिंह (30) निवासी पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28) निवासी पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27) निवासी जलपाईगुड़ी, ऋजा मुखर्जी (30) निवासी जलपाईगुड़ी तथा चालक प्रदीप कुमार (35) निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना की गंभीरता और खाई की गहराई को देखते हुए बड़ा नुकसान हो सकता था, लेकिन पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय नागरिकों की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान बच गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और पांच लोगों को नया जीवन मिला।

