चोरी के माल के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा बरामद
सेलाकुई। थाना सेलाकुई पुलिस ने घर से चोरी हुए गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हे की बरामदगी करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में था, तभी उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक 3 जून 2026 को जमनपुर निवासी शशी पठानिया ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर की रसोई से एक इंडेन कंपनी का भरा हुआ गैस सिलेंडर और एक इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थानाध्यक्ष के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसी दिन इंटास कंपनी के पास डिक्सन ग्राउंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जब्बार पुत्र अब्दुल समद निवासी जमनपुर, सेलाकुई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया भरा हुआ इंडेन गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जब्बार थाना सेलाकुई का ‘ए’ श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है और नशे का आदी बताया जाता है। उसके खिलाफ देहरादून जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और गुंडा एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक उम्मेद असवाल, कांस्टेबल सोहन और कांस्टेबल सुधीर कुमार शामिल रहे।




