चार माह से मानदेय नहीं मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अल्टीमेटम, केंद्रों में ताले लगाने की चेतावनी
देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लंबित मानदेय को लेकर विभाग को पत्र सौंपते हुए जल्द भुगतान की मांग की है। संगठन का कहना है कि प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फरवरी माह से केंद्र सरकार की ओर से चार माह का तथा राज्य सरकार की ओर से दो माह का मानदेय अब तक प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
संगठन ने बताया कि कई स्थानों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने निजी खर्च से केंद्रों का संचालन करना पड़ रहा है। मोबाइल रिचार्ज, ढुलाई, भवन किराया सहित अन्य आवश्यक खर्च भी उन्हें स्वयं वहन करने पड़ रहे हैं, जिससे परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
संगठन ने विभाग और सरकार से मांग की है कि 10 दिनों के भीतर लंबित मानदेय का भुगतान किया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में मानदेय जारी नहीं किया गया तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने केंद्रों में ताले लगाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विभाग एवं सरकार की होगी।
संगठन ने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र मानदेय आहरित करने की मांग की है, ताकि प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राहत मिल सके।




