सेलाकुई थाना क्षेत्र में विवाहिता से हैवानियत के आरोप, 10 महीने तक शौचालय में बंद रखने का दावा, महिला से हिंसा का झकझोर देने वाला मामला
देहरादून में घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेलाकुई क्षेत्र की एक विवाहिता के पिता ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि महिला को करीब 10 महीने तक एक कमरे और शौचालय में बंद रखा गया तथा उसके साथ लगातार मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया।
पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी की शादी दो वर्ष पूर्व राहुल खंडूरी से हुई थी। फरवरी 2025 में उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। शिकायत में कहा गया है कि पिछले वर्ष जुलाई से महिला को परिवार और बाहरी लोगों से अलग-थलग कर दिया गया था।
परिजनों का आरोप है कि महिला को पर्याप्त भोजन नहीं दिया जाता था और उसे केवल कच्चे चावल, प्याज और मिर्च खाने के लिए दिए जाते थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसके साथ शारीरिक हिंसा की गई तथा उसके निजी अंगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
महिला के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और उसके सिर के बाल तक उखाड़ दिए गए, जिससे सिर का एक हिस्सा गंजा हो गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी बेटी को परिवार से मिलने या फोन पर बात करने की अनुमति नहीं दी जाती थी।
शिकायत के आधार पर सेलाकुई थाना पुलिस ने पति राहुल खंडूरी, उसकी मां और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




