सहसपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी की वारदात का पर्दाफाश, 3 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की ज्वैलरी बरामद
देहरादून। सहसपुर पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को शंकरपुर हुकुमतपुर बालाजी कॉलोनी निवासी राज सिंह पुत्र पांचा सिंह ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके घर का ताला तोड़कर भीतर रखी ज्वैलरी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा संख्या 119/2026 धारा 305 एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सहसपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
30 मई 2026 की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित आम के बाग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमान (24 वर्ष), फैजान (22 वर्ष) और शहबान (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों सहसपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हार, एक नथ, एक मांग टीका, 17 जोड़ी बिछुए, 6 जोड़ी पायजेब, 6 जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, अंगूठियां समेत बड़ी मात्रा में चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की है। मामले में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी रहमान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फैजान और शहबान के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सहित कोतवाली सहसपुर और एसओजी ग्रामीण देहरादून के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सहसपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा होने के साथ ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।




