जनपद में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराने की जरूरत नहीं : जिला पूर्ति अधिकारी
देहरादून, 30 मई। जनपद देहरादून में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जनपद में विभिन्न तेल कंपनियों के कुल 167 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के 72, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 34, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 41, नायरा के 10 तथा रिलायंस के 18 पेट्रोल पंप शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 29 मई 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर 2526 किलोलीटर पेट्रोल तथा 2074 किलोलीटर डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कहीं भी ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की कोई सूचना नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी। आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।




