✍️ पवन सिंह, लिंगवाल।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूक करने हेतु चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता आयोजित की। चित्रकला में अंशिका गौड, रूकमणी ने प्रथम व निबंध प्रतियोगिता में आरूषी कैंतूरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बता दें कि पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों में मुस्तैदी से जुट गई है। इसके तहत शुक्रवार को नगर क्षेत्र के स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पालिका सभागार में प्राथमिक, जूनियर वर्ग के मध्यम चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी सोच, जागरूकता एवं रचनात्मकता को चित्रों एवं निबंध के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। चित्रकला में प्राथमिक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मॉडल स्कूल ढालवाला की छात्रा रूकमणी ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय, अंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में विद्या निकेतन स्कूल की छात्रा अंशिका गौड ने प्रथम, स्वामी प्रेमानंद स्कूल की छात्रा नेहा ने द्वितीय, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल की छात्रा आयशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मॉडल स्कूल की छात्रा आरूषी कैंतूरा ने प्रथम व निशा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पालिकाध्यक्ष ने पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता को अपनाकर हम एक स्वस्थ, सुंदर एवं विकसित समाज का निर्माण कर सकते हैं, उन्होंने नगर क्षेत्र के समस्त विद्यालयों व छात्र-छात्राओं से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की। अधिशासी अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने एवं कूड़ा सेग्रीगेट कर कूड़ा वाहनों में देने की अपील की।
मौके पर कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, लिपिक विकास सेमवाल, पिंकी तड़ियाल, अध्यापक विनोद बिजल्वाण, अध्यापिका अनुपमा आदि उपस्थित थे।




