✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार कक्ष में उद्योग विभाग की जिला स्तरीय पुरस्कार चयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
जिसमें हस्तशिल्प और हथकरघा एवं लघु उद्यम श्रेणी के पात्र व्यक्तियों का चयन किया गया।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों जैसे भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, पुरोला और मोरी के स्थानीय शिल्पकारों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस चयन प्रदर्शनी में पारंपरिक शैली के काष्ठ निर्मित घरों के मॉडल, रिंगाल की टोकरियाँ, हस्तनिर्मित ऊनी स्वेटर, शॉल, टोपियां, मफलर और बच्चों के आकर्षक वस्त्रों के साथ-साथ मैक्रेम आर्ट और जूट से बने थैलों ने अपनी कलात्मकता का प्रदर्शन किया; साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रसंस्कृत मसालें, जैम और जूस जैसे उत्पादों को भी शामिल किया गया।
चयन समिति ने वर्ष 2025-26 के लिए इन हस्तशिल्पियों के कौशल का बारीकी से निरीक्षण किया ताकि सर्वश्रेष्ठ शिल्पकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया जा सके और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत जनपद की पारंपरिक कला को नई पहचान मिल सके। 
वर्ष 2025-26 के जनपद स्तरीय पुरस्कार हेतु हथकरघा श्रेणी में श्रीमती अनीता देवी ग्राम वीरपुर डुण्डा को प्रथम और श्री मोहन सिंह ग्राम बगोरी भटवाड़ी को द्वितीय तथा हस्तशिल्प श्रेणी में श्री विनोद कुमार ग्राम हालना नौगांव को प्रथम व श्रीमती अमिता रावत ग्राम खलाड़ी पुरोला को द्वितीय एवं लघु श्रेणी में श्री योगेश बधानी, मै० युवा हिमालय फ्रूट एंड पल्प, नौगांव को प्रथम व श्री रजनीश मखलोगा, मै० आनंदा बेकर्स को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बैठक में श्रीमती शैली डबराल महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, श्री दीपेश चौधरी प्रबंधक उद्योग, श्री भारत भूषण भट्ट प्रगतिशील उद्यमी, श्रीमती भागीरथी हथकरघा विशेषज्ञ तथा श्री चंदलाल हस्तशिल्प विशेषज्ञ इत्यादि द्वारा प्रतिभाग किया गया।




