सहसपुर क्षेत्र के लांघा रोड छरबा स्थित पीएनबी एटीएम के पास एक किराए के कमरे से युवक का शव बरामद, बदबू आने पर तोड़ा दरवाजा
देहरादून जनपद के सहसपुर क्षेत्र में एक किराए के मकान से व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को कोतवाली सहसपुर को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि लांघा रोड छरबा स्थित पीएनबी एटीएम के पास प्यार सिंह के मकान में रहने वाला एक किरायेदार काफी देर से दरवाजा नहीं खोल रहा है और कमरे से तेज बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान, मकान मालिक और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने वीडियोग्राफी करते हुए दरवाजा तोड़कर कमरे को खोला, जहां अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।
मृतक की पहचान दीवान सिंह पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम सारी, ऊखीमठ जिला रुद्रप्रयाग, उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीवान सिंह सेलाकुई की एक फैक्ट्री में काम करता था और पिछले करीब 10 वर्षों से उसी किराए के मकान में रह रहा था।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। मौके पर मृतक के रिश्तेदार सुमन सिंह और दीपक (मौसी के बेटे), निवासी ग्राम उसडा, ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग भी मौजूद थे।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए एफएसएल और फील्ड यूनिट टीम को बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

