गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर 13 मार्च से क्रमिक अनशन, पूर्व IAS विनोद प्रसाद रतूड़ी का समर्थन
देहरादून। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित करने की मांग को लेकर देहरादून में 13 मार्च से क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। 18 वर्षीय पत्रकारिता छात्र पार्थ रतूड़ी इस अनशन का नेतृत्व करेंगे। कार्यक्रम एकता विहार लेन (15-16), सहस्रधारा रोड स्थित धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। आंदोलन को पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी का समर्थन प्राप्त है। आयोजकों के अनुसार, गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में यह क्रमिक अनशन किया जा रहा है। पार्थ रतूड़ी ने बताया कि यदि सरकार ने जल्द गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की दिशा में कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर यह क्रमिक अनशन आमरण अनशन में भी बदला जा सकता है। आयोजकों ने बताया कि आंदोलन के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाई जाएगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर विधानसभा घेराव और न्यायालय के माध्यम से भी आवाज उठाने की रणनीति बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन लोगों की भावनाओं से जुड़ा है जिन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान गैरसैंण को राजधानी बनाने की मांग उठाई थी। #dehradunnews #dehraduncity #dehradundiaries #ukcmo #exiasvinodkumar #PushkarSinghDhami #gairsain #आंदोलन




