नशे में जकड़ा विधानसभा लालकुआं का भविष्य”एकजुट होकर लड़नी होगी निर्णायक लड़ाई-26 को होगा बड़ा प्रदर्शन-संध्या डालाकोटी।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संध्या डालाकोटी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक संकट बताया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में क्षेत्र का युवा वर्ग बड़ी संख्या में नशे की गिरफ्त में पहुंच चुका है, जो पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा समाजसेवी पीयूष जोशी द्वारा नशा मुक्त अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत आगामी 26 तारीख को जनसंपर्क अभियान एवं जनबैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक स्तरीय प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण क्षेत्र में कई युवाओं की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है, अनेक परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद हो चुके हैं तथा महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि परचून की दुकानों तक में अवैध रूप से शराब बिकने की शिकायतें मिल रही हैं, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने आबकारी विभाग एवं प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी प्रकार का संरक्षण प्राप्त है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधियों को इस सामाजिक बुराई के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाना होगा।
उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे की दलदल से बाहर निकालना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लालकुआं विधानसभा को नशा मुक्त बनाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।




