✍️ ऋषिकेश।
शनिवार को उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय ऋषिकेश में कार्यरत परिवहन सहायक निरीक्षक दलों द्वारा भानियावाला स्थित एसजीआरआर पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, ऋषिकेश के निर्देशानुपालन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग ऋषिकेश की टीम ने स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। बच्चों को यातायात नियमों, सुरक्षा साधनों, ट्रैफिक संकेतों, गति सीमा, ओवरटेकिंग, लेन अनुशासन, मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरे, वाहन संचालन के दौरान शराब/नशे से दूर रहने तथा वाहन दस्तावेजों की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही बच्चों को सड़क सुरक्षा की चार ‘ई’ (4E) —
शिक्षा (Education), इंजीनियरिंग (Engineering), आपातकालीन देखभाल/मूल्यांकन (Emergency Care/Evaluation) एवं प्रवर्तन (Enforcement) — के विषय में भी जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज भट्ट ने भी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और विद्यालय प्रशासन की ओर से दुपहिया, चौपहिया एवं बस वाहन संचालित करने वाले छात्रों, स्टाफ एवं चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग ऋषिकेश से परिवहन उपनिरीक्षक बारूमल, परिवहन उपनिरीक्षक महताब अली, परिवहन उपनिरीक्षक प्रविन्द्र कोहली, परिवहन आरक्षी आदर्श कुमार, अमन सैनी एवं मंजीत उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्कूल प्रशासन के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




