केदारघाटी में मंदिरों में बढ़ती चोरी की घटना से ग्रामीणों ने संदिग्ध पिकअप वाहन को पकड़, पुलिस को सौंपा, मामले की हो रही जांच
रुद्रप्रयाग।
बीते दिनों गुप्तकाशी के लमगोंडी से होते हुए बरम्वाड़ी मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन (UK17CA6240) को ग्रामीणों द्वारा टेमरिया क्षेत्र में पकड़ा गया। वाहन में सवार चार व्यक्तियों पर सड़क किनारे स्थित मंदिरों से सामान चोरी कर ले जाने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों द्वारा पूछताछ करने पर वाहन सवारों के पास न तो गाड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज मिले और न ही उनकी पहचान से जुड़े कोई प्रमाण उपलब्ध थे। पूछताछ में उन्होंने स्वयं को मंगलौर का निवासी बताया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और चारों संदिग्धों को वाहन सहित गुप्तकाशी थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन एवं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के सभी मंदिर प्रबंधन समितियों और ग्रामीणों से अपील की कि वे सड़क किनारे स्थित अपने-अपने मंदिरों में रखे सामान की तत्काल जांच करें और यदि किसी प्रकार की चोरी या गुमशुदगी पाई जाती है तो इसकी सूचना तुरंत गुप्तकाशी थाने में दें।




