✍️ सुभाष पिमोली थराली।
वृहस्पतिवार को पौष मास शुक्ल पक्ष की पंचमी को मां नंदा राजराजेश्वरी की डोली छह मास प्रवास के बाद अपने ननिहाल सिद्धपीठ देवराड़ा से अपने मायके कुरूड़ के लिए विदा हो गयी। अपने पहले पड़ाव में देवी की डोली बज्वाड़ गांव पहुंची। जहां पर देवी भक्ताें ने मां नंदा भगवती की डोली का भव्य स्वागत किया। मां के गगनचुभी जयकारों से वातावरण देवीमय हो गया। नंदादेवी की डोली 20 पड़ावों से होते हुये उत्तरायण पक्ष में सिद्धपीठ कुरूड़ पहुंचेगी जहां से छह माह बाद इस बार राजजात यात्रा की अगुवाई करेगी। मां नंदा के दर्शनो के लिए आज सुबह से ही देवराड़ा मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ था। ठीक दस बजे गर्भ गृह को खोला गया मूर्ति स्नान के बाद विधि-विधान और परपंरा के अनुसार पूजा अर्चना कर मां नंदा की मूर्ति को गर्भ गृह से निकालकर डोली में विराजमान किया गया। ढोल-नगाड़ों, भंकरों और शंख घंटी की ध्वनि के साथ माता के झोड़े लगाये गये जहां पर मां नंदा देवी के साथ ही लाटू देवता, भूम्याल देवता और भैरव देवता के पश्वा अवतरित हुये। और भक्तों को सुख-समृद्धि का आर्शीवाद दिया। कुरूड़ के गौड़ पुजारियों ने देवी के आवाहन गीत गाये जिससे भक्त भी आस्था की धुन में खुद को नृत्य किये बिना नहीं रोक सके।
क्षेत्र के बीस गांवों की महिला मंगल दलों ने भी देवी के झोड़े, चांचरी, भजन गाये स्थानीय पुजारियों एवं ब्राहमणों ने भी देवी पूजन किया। पारेश्वर प्रसाद देवराड़ी, मोहन प्रसाद देवराड़ी और माल दत्त मिश्रा ने ग्रामीणों की ओर से देवी का पाठ किया। इसके बाद देवी की डोली भक्तों के कंधों में सवार होकर दोपहर सुनांउ पहुंची जहां पर लोगों ने नंदा की डोली की फूल वर्षा से स्वागत किया पूजा अर्चना और भेट लगाने के बाद डोली पहले पड़ाव बज्वाड़ गांव के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टमटा, ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, कांग्रेस सेवा दल की हेमा पुरोहित, व्पापार सघ अध्यक्ष संदीप रावत, सुनील गौड,कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अब्बल सिंह, ब्लॉक क्रांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद रावत, केदार पंत, मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन हटवाल, कुरूड़ मंदिर समति के नरेश गौड़,केदार पंत, महिला मंगल दल अध्यक्ष गौरा देवी, लीला देवी, हेमा देवी, पुष्पा देवी, कमला, देवी, दिलवर सिंह, भरत सिह, महेशी देवी, विमला देवी, सरपंच लाल सिंह, विरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।




