
जिला अस्पताल गोपेश्वर में गर्भवती महिला की मौत,परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप।
गोपेश्वर (चमोली)-31 अगस्त 2025
चमोली जिला अस्पताल गोपेश्वर में एक गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह घटना दसौली ब्लॉक के बछेर गांव की एक गर्भवती महिला से संबंधित है, जो अपने परिजनों के साथ जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंची थी।
परिजनों के अनुसार, महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया और प्रसव की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान परिजन लगातार अस्पताल प्रबंधन के संपर्क में थे और जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें किसी भी खतरे की आशंका से इंकार किया था। हालांकि, सुबह महिला ने नवजात को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का दावा है कि यह मृत्यु अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने दोषी डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है।