
सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी में कांग्रेसियों ने फूंका कैबिनेट मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल का पुतला।
मुख्यमंत्री धामी से की प्रेमचन्द्र अग्रवाल को उनके पद से हटाने की मांग।
गैरसैंण- 22 फरवरी
रिपोर्ट- पुष्कर सिंह रावत।
विधानसभा बजट सत्र के दौरान संसदीय मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल द्वारा पहाड़ के लोगों को अपशब्द कहे जाने को लेकर पूरे उत्तराखंड में उबाल है। इस मामले को लेकर आज बजट सत्र के दौरान सदन में भी विपक्ष के नेताओं का गुस्सा देखने को मिला तो वहीं सोशियल मीडिया हो चाहे टीवी चैनल हर तरफ ये मुद्दा गरमाया हुआ है। जहां लोग सोशियल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी व गुस्सा जाहिर कर रहे हैं तो वहीं पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल का पुतला दहन किया जा रहा है। सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपने गुस्से का इजहार करते हुए गैरसैंण के मुख्य चौराहे पर एकत्रित होकर मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व उनका पुतला दहन किया।
सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा बजट सत्र के दौरान हुए मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल के भाषण प्रकरण का उबाल आना शुरू हो गया है,गैरसैंण में एकजुट हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण मुख्य चौराहे पर एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ़ जबरदस्त नारेबाजी के साथ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। बता दें कि कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल पर विधानसभा में पहाड़ियों के लिए अपशब्द का प्रयोग करने का आरोप लगा है। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने गैरसैण चौराहे पर प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंका और मुख्यमंत्री से प्रेमचंद अग्रवाल को मंत्री पद से हटाने की मांग की।
शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता नगर क्षेत्र गैरसैंण के मुख्य चौराहे पर एकत्र हुए इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहन राम टम्टा ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। कहा कि भाजपा जिस मंत्री को सर आंखों पर बिठाए हुए है वो पहाड़ विरोधी नेता हैं,वो आये दिन पहाड़ व पहाड़ियों को नीचा दिखाने का काम करते रहते हैं। कहा कि आने वाले समय में इस अहंकारी सरकार और मंत्री को जनता सबक सिखाएगी और उत्तराखंड से उखाड़ फेंकेगी।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि जिस प्रकार विधानसभा में कैबिनेट मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल ने पहाड़ के लोगों के लिए अपशब्द का प्रयोग किया है,उससे प्रदेश का हर नागरिक बेहद शर्मिंदा है.कहा कि मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल सत्ता के नशे में चूर होकर अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और भाजपा विधायक सत्ता की हनक में पहाड़ियों को गाली देने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग करते हैं कि मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को तत्काल मंत्री पद से हटाया जाए।
यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप कुंवर ने कहा कि यह सरकार सत्ता के नशे में इतना चूर हो चुकी है कि उसे कुछ दिखाई नही दे रहा है। कहा कि भाजपा विधायक सत्ता की हनक में अपनी वाणी पर संयम भी खो चुके हैं। कहा कि यदि मुख्यमंत्री द्वारा प्रेम चन्द्र अग्रवाल को उनके पद से नही हटाया गया तो बहुत जल्द युवा कांग्रेस सड़को पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर उनका पुतला दहन किया। इस दौरान यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप कुंवर,एससी प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष दिवान राम,सभासद उमा ढोंण्डियाल,पूर्व सभासद जगदीश ढोंण्डियाल,कुंवर रावत,सरोज साह,संजय कुमार,दलबीर बिष्ट,सुरेंद्र रावत,भरत सिंह सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।