सहसपुर में 15 साल की सत्ता पर संकट! सहदेव पुंडीर के सामने अपनों और विपक्ष की दोहरी चुनौती, टिकट पर भी तलवार!
2027 में सहसपुर विधानसभा बनेगी उत्तराखंड की सबसे हॉट सीट! क्या इस बार भाजपा बदलेगी चेहरा या सहदेव पुंडीर फिर लगाएंगे जीत की हैट्रिक?
चुनावी विश्लेषण Cobra News UK की ग्राउंड रिपोर्ट
नमो नारायण मित्रों!
बीती दीपावली के बाद से अब तक Cobra News UK की टीम सहसपुर विधानसभा के कई गांवों का भ्रमण कर चुकी है। जनता से बातचीत और जमीनी हालात का जायजा लेने के बाद इतना तो साफ नजर आ रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सहसपुर प्रदेश की सबसे चर्चित और हॉट सीटों में शामिल होने जा रही है।
इस बार भाजपा, कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) में कई दमदार दावेदार चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में पहाड़ी मूल के मतदाताओं और मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका बेहद अहम हो सकती है। जिस प्रत्याशी की इन वर्गों में मजबूत पकड़ होगी, उसके लिए चुनावी मुकाबले में बढ़त बनाना आसान हो सकता है।
भाजपा में सबसे बड़ा सवाल: सहदेव पुंडीर या विजयपाल बर्तवाल?
सत्ताधारी भाजपा की बात करें तो सबसे पहले नाम आता है वर्तमान विधायक सहदेव पुंडीर का। लंबे समय से सहसपुर की राजनीति में अपनी पकड़ बनाए रखने वाले पुंडीर के सामने इस बार केवल विपक्ष की चुनौती नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर भी टिकट को लेकर चुनौती खड़ी होती दिखाई दे रही है।
विकास कार्यों की बात करें तो दो हाईस्कूलों का उच्चीकरण, डिग्री कॉलेज की शुरुआत, लगभग 24 करोड़ रुपये की छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण और करीब 3 करोड़ रुपये की पेयजल योजना जैसे कार्य उनके कार्यकाल की उपलब्धियों में गिनाए जा रहे हैं। इसके अलावा भी कई छोटे-बड़े विकास कार्य हुए हैं और कुछ जारी हैं।
विधायक
सहदेव पुंडीर की कार्यशैली की बात करें तो उनकी एक अलग छवि देखने को मिलती है। कभी छोटी-छोटी बातों पर नाराजगी और सख्त तेवर, तो कुछ ही देर बाद अपनापन दिखाना उनकी कार्यशैली को लेकर चर्चाओं में रहता है।
वहीं उनके आवास पर नियमित रूप से जनता दरबार लगता है, जहां लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं। हालांकि जनता के बीच यह शिकायत भी सुनने को मिलती है कि कुछ समस्याओं का समाधान होता है, जबकि कुछ मामलों का निस्तारण भगवान भरोसे छोड़ दिया जाता है।
सहसपुर की बड़ी समस्याएं: विकास के दावों के बीच जनता के सवाल!
सहसपुर विधानसभा में आज भी कई बुनियादी समस्याएं मुंह उठाए खड़ी हैं।
विधानसभा में कूड़ाघर और कचरा प्रबंधन सबसे बड़ी समस्या बन चुका है।
सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं और बड़े आधुनिक सरकारी अस्पताल की कमी।
दूरस्थ क्षेत्रों के कई गांवों में आज भी पक्की सड़कें नहीं।
वन विभाग की आपत्तियों के चलते कई गांवों की सड़कों का निर्माण अटका हुआ।
कई गांवों में पेयजल संकट।
पंचायती एवं अन्य सरकारी जमीनों पर कथित बाहरी लोगो के अवैध कब्जों एवं
भू-माफियाओं के बढ़ते दखल और शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण भी विधायक पर लोग नाराज है
जमीनों के विवाद में पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों के प्रभावित होने की शिकायतें।
माफिया द्वारा पहाड़ से आये लोगों के साथ ठगी साथ हीं
सहसपुर विधानसभा में जमीनों की खरीद-फरोख्त और कथित अवैध प्लॉटिंग का मुद्दा लगातार गंभीर होता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों के साथ जमीनों के नाम पर ठगी का खेल चल रहा है। कई मामलों में पंचायती जमीनों पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों के जमीन संबंधी विवाद भी चर्चा में हैं। हाल ही में पलायन आयोग के उपाध्यक्ष शरद नेगी पर भी आठ पूर्व सैनिकों को विवादित भूमि बेचे जाने के आरोप सामने आए थे।
बड़ा सवाल यह है कि जब जनता लगातार शिकायतें कर रही है तो जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई प्रभावी क्यों नजर नहीं आती?
यही मुद्दे अब भाजपा के लिए भी राजनीतिक चुनौती बनते दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा संगठन में भी नाराजगी की चर्चा!
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सहदेव पुंडीर को लेकर जनता के साथ-साथ भाजपा के कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं और संगठन के लोगों में भी खासी नाराजगी है। यदि यह नाराजगी चुनाव तक बरकरार रहती है तो भाजपा के लिए सहसपुर की सीट बचाना आसान नहीं होगा।
लेकिन सहदेव पुंडीर की सबसे बड़ी चुनौती अब केवल जनता की नाराजगी नहीं, बल्कि पार्टी का टिकट भी बनता दिखाई दे रहा है।
विजयपाल बर्तवाल की एंट्री से भाजपा में बढ़ी हलचल!
सहसपुर में भाजपा का एक बड़ा धड़ा विजयपाल बर्तवाल के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। विजयपाल बर्तवाल अब तक 100 से अधिक गांवों का दौरा कर चुके हैं और लगातार अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं।
बताया जाता है कि गढ़वाल मूल के मतदाताओं, सेलाकुई क्षेत्र के पुराने किसान परिवारों और मुस्लिम समुदाय के बीच भी उनकी पारिवारिक एवं व्यक्तिगत पकड़ है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विजयपाल बर्तवाल पिछले विधानसभा चुनाव में भी सहदेव पुंडीर के लिए अपनी दावेदारी पीछे छोड़ चुके हैं, लेकिन इस बार उनका चुनावी समर में उतरने का मन लगभग बन चुका है।
सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, लेकिन इस बार उनकी दावेदारी को हल्के में लेना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा।
जरा ये भी देखे : सहदेव को टिकट मिला तो क्या होगा?
यदि भाजपा एक बार फिर सहदेव पुंडीर पर भरोसा जताती है तो पार्टी के भीतर असंतोष और टिकट के दूसरे दावेदारों की नाराजगी चुनावी समीकरण बिगाड़ सकती है। ऐसी स्थिति में विपक्ष को सीधा फायदा मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
विजयपाल को टिकट मिला तो क्या बदलेंगे समीकरण?
यदि भाजपा विजयपाल बर्तवाल को मैदान में उतारती है तो उनके सामने भी चुनौतियां कम नहीं होंगी लेकिन गढ़वाल मूल और स्थानीय किसान परिवार होने से मुश्लिम और पहाड़ी वोटर का सीधा लाभ मिलेगा
हालांकि गढ़वाली मूल के मतदाताओं, मुस्लिम समुदाय में व्यक्तिगत संपर्क और भाजपा विरोधी मतों को अपने पक्ष में लाने की रणनीति उनके लिए चुनावी फायदा बन सकती है।
यानी भाजपा के सामने चेहरा चुनने का फैसला बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है।
कांग्रेस में भी टिकट को लेकर घमासान मचा हुआ है
अब बात कांग्रेस की करें तो यहां भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। सहसपुर से आर्येंद्र शर्मा और हरक सिंह रावत टिकट के लिए अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य राशिद पहलवान की सक्रियता भी मुस्लिम मतदाताओं के समीकरण को प्रभावित कर सकती है। यदि मुस्लिम वोटों में बिखराव होता है तो इसका सीधा असर कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है।
कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक मजबूत चेहरे पर सहमति बनाने और सभी दावेदारों को एकजुट रखने की होगी।
अब सवाल कई हैं!
क्या भाजपा सहदेव पुंडीर पर तीसरी बार भरोसा जताएगी? या
विजयपाल बर्तवाल इस बार टिकट लेकर ही मानेंगे या निर्दलीय मैदान में उतरने का विकल्प भी खुला रखेंगे?
क्या भाजपा के अंदर की नाराजगी चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचाएगी?
क्या कांग्रेस आर्येंद्र शर्मा और हरक सिंह रावत के बीच किसी एक चेहरे पर सहमति बना पाएगी?
क्या राशिद पहलवान मुस्लिम मतदाताओं के समीकरण को प्रभावित करेंगे?
क्या UKD इस बार सहसपुर में मजबूत चुनौती पेश कर पाएगी?
फिलहाल सहसपुर की राजनीति में मुकाबला केवल भाजपा बनाम कांग्रेस नहीं रह गया है। भाजपा के भीतर टिकट की लड़ाई, कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और UKD की संभावित सक्रियता ने चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
सहसपुर की सियासत पर Cobra News UK की नजर लगातार बनी हुई है। आगे की रिपोर्ट में दूसरे दावेदारों, उनकी राजनीतिक ताकत और गांवों में जनता के वास्तविक मूड का विश्लेषण करेंगे।
2027 में सहसपुर का ताज किसके सिर सजेगा? फैसला जनता करेगी, लेकिन मुकाबला अभी से दिलचस्प हो चुका है!
— Cobra News UK | ग्राउंड रिपोर्ट




