ऋषिकेश में मोबाइल शोरूम चोरी का खुलासा, फरार चल रहे दो और आरोपी गिरफ्तार
गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड चोरी प्रकरण में अब तक 6 गिरफ्तार, मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और स्मार्ट वॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
ऋषिकेश। ऋषिकेश में गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है
गौरतलब है कि 6 नवंबर की रात गीतानगर गली नंबर-10 स्थित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर चोरों ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया था। पुलिस ने करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद 9 नवंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 30 मोबाइल, 3 लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया था।
अब पुलिस ने 14 नवंबर को कार्रवाई करते हुए रायवाला निवासी शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस (26 वर्ष) और संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
दोनों के कब्जे से इनफिनिक्स और सैमसंग मोबाइल, एचपी लैपटॉप, इनफिनिक्स टैबलेट, दो जेबीएल स्पीकर और फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौहान और रमेश मैठाणी शामिल रहे।
कुल 6 आरोपी गिरफ्तार, चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर ऋषिकेश पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल की।




