यूकेडी को मजबूत करने के साथ जनमुद्दों की आवाज बने अरविंद तोमर
विकासनगर। सामाजिक सरोकारों से शुरू हुआ अरविंद तोमर का सफर छात्र राजनीति से होते हुए मुख्यधारा की राजनीति तक पहुंचा। चकराता विधानसभा क्षेत्र के खुन्ना खत बहलाड, तहसील कालसी निवासी अरविंद तोमर वर्तमान में विकासनगर के लक्ष्मणपुर वार्ड नंबर एक में रहते हैं। वह वन विभाग में रेंजर पद से वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए जवाहर सिंह तोमर के पुत्र हैं।
अरविंद तोमर ने अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत शहीदों के सम्मान और जनसेवा से की। उन्होंने शहीद स्मृति समिति की स्थापना कर अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। विकासनगर बाजार में लगातार कई वर्षों तक मैराथन दौड़ का आयोजन कराने के साथ ही विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। इसके बाद उन्होंने डाकपत्थर डिग्री कॉलेज से छात्र राजनीति में कदम रखा। छात्र राजनीति के दौरान साथी प्रत्याशी शुभम गर्ग को चुनाव मैदान में उतारने और उनकी जीत में भूमिका निभाने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति का रुख किया।
भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई से राजनीतिक सफर आगे बढ़ाते हुए अरविंद तोमर ने युवा मोर्चा में मंडल उपाध्यक्ष और मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। भाजपा में बूथ अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। क्षेत्र की जनता के समर्थन से वह क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके बाद भाजपा जनजाति मोर्चा में मंडल उपाध्यक्ष और मंडल महामंत्री के दायित्व का निर्वहन किया। लोकसभा चुनाव के दौरान जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ वह लगातार सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जुड़े रहे।
वर्ष 2025 के नगर पालिका चुनाव में उन्होंने वार्ड नंबर 11 से निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने में भूमिका निभाई। इसके बाद जनवरी 2026 के अंत में अंकिता भंडारी मामले में इंसाफ की मांग, उत्तराखंड की जनभावनाओं और अपने राजनीतिक सिद्धांतों का हवाला देते हुए उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद 28 फरवरी 2026 को अरविंद तोमर ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की और विकासनगर शहर के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने संगठन को शहर क्षेत्र में सक्रिय करने के साथ स्थानीय जनमुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए उन्होंने संगठनात्मक पद से स्वयं को मुक्त कर लिया है। वर्तमान में वह उक्रांद के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में चकराता और विकासनगर क्षेत्र के जनमुद्दों को लेकर जमीन पर सक्रिय हैं।
अरविंद तोमर का कहना है कि राजनीति उनके लिए केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के हक-हकूक और क्षेत्र के जनसरोकारों को मजबूती से उठाने का माध्यम है।




