डकरानी माइनिंग क्रशर एसोसिएशन की बैठक संपन्न, नई खनन गाइडलाइन पर हुई विस्तृत चर्चा
डकरानी। डकरानी माइनिंग क्रशर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आज जोन अध्यक्ष संदीप राणा, संरक्षक रायपाल बिष्ट एवं सचिव अन्नू तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में खनन विभाग द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा एसोसिएशन के सदस्यों को इसके प्रावधानों की जानकारी दी गई।
जोन अध्यक्ष संदीप राणा ने बताया कि खनन एवं ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में माइनिंग टैग की व्यवस्था शीघ्र लागू करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना माइनिंग टैग के किसी भी वाहन का ई-रवाना नहीं काटा जाएगा। साथ ही वाहन चालकों से आग्रह किया गया कि सभी वाहनों पर आगे और पीछे स्पष्ट रूप से नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
संदीप राणा ने कहा कि खनन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली सभी गाइडलाइन को डकरानी जोन के प्रत्येक क्रशर द्वारा पूरी तरह लागू किया जाता है। एसोसिएशन खनन व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमों के पालन के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने खनन विभाग में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए निदेशक राजपाल लेघा एवं माइनिंग अधिकारी अमित ऐश्वर्य शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभाग की प्रभावी कार्रवाई से खनन माफियाओं पर अंकुश लगा है और खनन विभाग लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व में भी आंकड़ों के आधार पर उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
बैठक में जीएसटी से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अलावा डकरानी माइनिंग क्रशर एसोसिएशन द्वारा सामाजिक कार्यों में किस प्रकार प्रभावी रूप से सहयोग किया जाए, इस विषय पर भी विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष जीतू, संजय कादियान, चरण सिंह, नफीस, सुनील पंवार, बिट्टू जैन, मोंटी नगोली सहित अन्य क्रशर संचालक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
— डकरानी माइनिंग क्रशर एसोसिएशन




