विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, युवा खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
देहरादून/विकासनगर, 23 सितंबर।* विकासखण्ड सहसपुर स्थित मिनी स्टेडियम, शंकरपुर में आयोजित विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे युवा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं, उपयुक्त संसाधन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक श्री पुण्डीर ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल के माध्यम से सीखना, अनुशासन बनाए रखना और निरंतर अपने प्रदर्शन में सुधार करना है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेलों के प्रति युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में स्थानीय स्तर पर भी प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।
विधायक श्री पुंडीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं संबंधित सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कीं।
इस दौरार कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारीगण व कर्मचारीगण व युवा खिलाड़ियों सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।




