देहरादून में अफेयर के शक में पत्नी की हत्या:खाली प्लॉट में सिर पर मारी गोली; पुलिस को फोन कर मोबाइल स्विच ऑफ किया
देहरादून में आज सुबह एक युवक ने अफेयर के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। दोनों की कुछ साल पहले ही शादी हुई थी। घटना क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक, धीरज ने काजल को गोली मारी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद क्लेमेनटाउन थाना पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची।
मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की हत्या उसके पति धीरज ने गोली मारकर की है। धीरज और काजल के बीच करीब 3 महीने से तलाक को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग रहते थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धीरज को काजल के दूसरे लोगों से संबंध होने का शक था। काजल की दीदी का भी पहले तलाक हो चुका था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को डर था कि उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर पूरी तरह अलग न हो जाए।




