✍️ मनमोहन भट्ट, भटवाड़ी/उत्तरकाशी।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप हुए भू-धंसाव के बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मंगलवार को स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने धंसाव की स्थिति, कटाव से उत्पन्न खतरे तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संवेदनशील हिस्सों में मलबा हटाने और सुरक्षात्मक कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सतर्क रहने और मार्ग की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और बीआरओ की टीमें मौके पर मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं तथा भारी मशीनों की सहायता से मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने का कार्य लगातार जारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें।




