✍️ सुभाष पिमोली, थराली।
नगर पंचायत थराली में शुक्रवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में उत्तराखंड सरकार द्वारा नामित तीन सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने नवनियुक्त सभासदों प्रदीप चंद्र जोशी, नंदू बहुगुणा एवं तेजपाल सिंह गुंसाई को क्रमवार शपथ दिलाई तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
शपथ ग्रहण के बाद तीनों नामित सभासदों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, जनहित के कार्यों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे।
समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने कहा कि नवमनोनीत सभासदों के अनुभव और सहयोग से नगर पंचायत के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी अकबीर सिंह, सभासद मोहिनी देवी, दिवाकर नेगी,हरीश जोशी, कुंदन परिहार, कृष्णा रावत,संजय जोशी, अंकुर देवराड़ी, संतोष सती,योगेश देवराड़ी, कमलेश जोशी, राजेंद्र सिंह,रॉबिन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




