दुःखद :- 4 दिन बाद मिला सरयू में बहे 8 वर्षीय मासूम का शव, संयुक्त रेस्क्यू अभियान हुआ सफल
रिपोर्ट मनमोहन भट्ट
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में 20 जुलाई 2026 को उफनती सरयू नदी के तेज बहाव में बह गए 8 वर्षीय मासूम बालक का शव चार दिन बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में चलाया गया संयुक्त सर्च अभियान शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बालक की तलाश के लिए NDRF, SDRF, फायर सर्विस, पुलिस ड्रोन विंग और जनपद पुलिस की संयुक्त टीम ने कपकोट से बागेश्वर तक लगातार दिन-रात अभियान चलाया। उफनती नदी, गहरे पत्थरों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने मैन्युअल सर्च के साथ हाई-टेक ड्रोन कैमरों की मदद से व्यापक खोजबीन की।
लगातार प्रयासों के बाद 24 जुलाई 2026 को संयुक्त टीम ने उत्तरोड़ा के पास नदी किनारे से बालक का शव सुरक्षित बरामद कर लिया। परिजनों द्वारा शिनाख्त के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव सम्मानपूर्वक परिजनों को सौंप दिया।
बागेश्वर पुलिस ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत बालक की आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।




