✍️ मनमोहन भट्ट, डुंडा/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के भंडारस्यूं क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विजय राणा के डुंडा विकासखंड से भटवाड़ी विकासखंड स्थानांतरण होने पर ब्लॉक कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
खंड विकास अधिकारी दिनेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विजय राणा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने आठ वर्ष के कार्यकाल में क्षेत्र के ग्रामीणों और सहकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विजय राणा को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। अपने संबोधन में विजय राणा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भंडारस्यूं क्षेत्र से जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
विदाई समारोह में खंड विकास अधिकारी दिनेश चंद्र जोशी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी गणेश भण्डारी, एडीओ पंचायत ओमप्रकाश जोशी, डीडीएमएम इन्द्र थापा सहित ब्लॉक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




