✍️ उत्तम सिंह,ऋषिकेश।
ग्राम पंचायत जोगीवाला माफी स्थित प्राथमिक विद्यालय साहबनगर पिछले छह माह से मात्र एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा है। जनवरी 2026 में एक शिक्षिका के सेवानिवृत्त होने के बाद से विद्यालय में केवल एक ही शिक्षक कार्यरत हैं, जिनके कंधों पर शिक्षण कार्य के साथ-साथ सभी सरकारी अभिलेख, विभागीय कार्य और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी हैं।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब 14 और 15 जुलाई को उप प्रधान चुनाव के लिए इसी एकमात्र शिक्षक की चुनाव ड्यूटी लगा दी गई। ऐसे में विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने वाला कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं रहेगा, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होना तय है।
इस संबंध में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व ग्राम प्रधान शोबन सिंह कैन्तुरा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय में एक अतिरिक्त शिक्षक की तत्काल नियुक्ति की मांग की थी।
इसके लिए विद्यालय के शिक्षक के साथ मिलकर निजी स्तर पर एक शिक्षिका भी रखी गई थी । जिन्होंने गत वर्ष तक बच्चों को पढ़ाया। लेकिन वर्तमान में एकमात्र शिक्षक होने के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।
उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में तत्काल एक अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति की जाए और एकमात्र शिक्षक को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाने से बचाया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।




