✍️ मनमोहन भट्ट, चिन्यालीसौड़/ उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ तहसील की ग्राम पंचायत छणद-खालसी में भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जिला प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर प्रशासन ने प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई।
उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा के निर्देशन में पूर्ति विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तहसीलदार जबर सिंह असवाल, राजस्व निरीक्षक हरीश तथा राजस्व उप निरीक्षक अंकित कुमार की मौजूदगी में 38 प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित की।
प्रत्येक परिवार को 10 किलोग्राम चावल, 10 किलोग्राम आटा, दाल, चीनी, दूध सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी लगातार व्यवस्था की जा रही है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि जनसुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, सुरक्षित आवास, भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी परिवार को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

