पौड़ी में बीटेक छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, पारिवारिक कलह की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। जीबी पंत प्रौद्योगिकी संस्थान, घुड़दौड़ी के बीटेक द्वितीय वर्ष के 18 वर्षीय छात्र ओम सिंह नेगी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पौड़ी जिले के गहड़ निवासी एवं वर्तमान में ब्लॉक रोड पर रहने वाले ओम सिंह नेगी बुधवार को घर पर अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य बाजार गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने ओम को फंदे से लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से ओम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि ओम सिंह नेगी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता चंडीगढ़ स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और इन दिनों घर आए हुए थे, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनकी एक बड़ी बहन भी है, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रही है।
पौड़ी कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।




