बिन्हार क्षेत्र के भूमि बंदोबस्त और जनसमस्याओं को लेकर कल एसडीएम कार्यालय विकासनगर में धरना-प्रदर्शन
विकासनगर। भारतीय किसान संघ देहरादून द्वारा बिन्हार क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित भूमि बंदोबस्त एवं भू-सर्वेक्षण की समस्या के समाधान सहित तहसील स्तर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार, 30 जून 2026 को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय विकासनगर में बैठक एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेश चन्द्र नौटियाल ने संगठन के समस्त विकासखंड पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से एसडीएम कार्यालय विकासनगर में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से भूमि बंदोबस्त और भू-सर्वेक्षण की मांग कर रही है। इसके साथ ही तहसील स्तर पर लंबित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी यह आंदोलन किया जा रहा है। संगठन ने लोगों से अपील की है कि यदि उनकी कोई व्यक्तिगत अथवा सार्वजनिक समस्या है तो उसे लिखित रूप में साथ लेकर आएं, ताकि प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
भारतीय किसान संघ ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता आवश्यक है। संगठन का मानना है कि किसानों की मजबूत भागीदारी और एकता से ही जनहित के मुद्दों का समाधान संभव होगा।
इस अवसर पर संगठन की ओर से किसानों और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील करते हुए नारा दिया गया— “किसान शक्ति जागेगी, सारी समस्या भागेगी।”




