बैरिकेडिंग तोड़ने वाले निहंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज ..
देहरादून। गुरुवार रात को चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए निहंग सिखों के पहले जत्थे ने बैरिकेडिंग के बावजूद कुल्हाल बैरियर तोड़कर उत्तराखंड में जबरन प्रवेश कर लिया था, इस मामले में पुलिस ने अज्ञात निहंगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में थाना विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का आरोप है कि बड़ी संख्या में निहंग सिखों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करने, हथियार लहराकर भय फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं हुईं हैं, जानकारी के अनुसार FIR में सोशल मीडिया के माध्यम से 25 जून को अधिक से अधिक पंजाब से निहंग सिखों से कर्णप्रयाग पहुंचने की अपील की गई थी, जिसके बाद हिमाचल-उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित कुल्हाल गेट बैरियर पर कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, PAC और ITBP की तैनाती की गई थी, प्रशासन ने निहंग सिखों से शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए छोटे-छोटे समूहों में यात्रा करने की अपील की थी, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
वार्ता विफल होने के बाद निहंग सिख बैरिकेडिंग तक पहुंचे और तलवार, कृपाण, फरसे, भाले व अन्य हथियार लहराते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए, इस दौरान बैरिकेडिंग के आसपास खड़े वाहनों को भी क्षति पहुंचाई गई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
एसपी देहरादून देहात पंकज गैरोला ने बताया कि- अज्ञात निहंग सिखों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आपराधिक बल प्रयोग और लोगों में भय का माहौल बनाने जैसे आरोपों में थाना विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है, साथ ही मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सनोज कुमार को सौंपी गई है।




