ग्राम पंचायत शंकरपुर में खुली बैठक आयोजित, ग्रामीणों ने उठाए विकास कार्यों के मुद्दे
ग्राम पंचायत शंकरपुर में ग्राम प्रधान शहजाद अली की अध्यक्षता में खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत भी पहुंचीं और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
खुली बैठक में गांव की सड़क, पानी, बिजली सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने विकास कार्यों को लेकर अपनी शिकायतें भी दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना था कि कुछ वार्डों में विकास कार्य हो रहे हैं, जबकि कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने की मांग की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में ग्राम विकास अधिकारी, परमाल सिंह, संजय कुमार, मोहम्मद फरीद, अली हसन, कलीराम, विकास नेगी, रामचंद्र तिवारी सहित कई ग्रामीण एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।




