राहुल गांधी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने मनाया ‘सद्भावना दिवस’, बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री
सहसपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी के जन्मदिवस को पछवादून क्षेत्र में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सद्भावना दिवस” के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नंदा चौकी स्थित मलिन बस्तियों में पहुंचकर बच्चों के बीच खाद्य सामग्री तथा पठन-पाठन से संबंधित आवश्यक सामग्री का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें एक सशक्त, जागरूक और शिक्षित राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस सुमित खन्ना, प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी पछवादून युवा कांग्रेस रविंद्र सिंह जूनियर, सहसपुर विधानसभा अध्यक्ष जॉय बर्सवाल, सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष जुनैद मलिक, ब्लॉक उपाध्यक्ष अभिषेक कुकरेती, ब्लॉक उपाध्यक्ष रोहित मित्तल सहित अन्य युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

