खटीमा में मुख्यमंत्री धामी का प्रबुद्धजनों से संवाद, बोले— उत्तराखण्ड केवल देवभूमि नहीं, ज्ञान और चेतना की भूमि
खटीमा
(ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, उद्योगपतियों, चिकित्सकों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, उद्योग, साहित्य और अध्यात्म जैसे विषयों पर सुझाव साझा किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ज्ञान, चेतना और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। उन्होंने कहा कि समाज का प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है, जिसके विचार आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने प्रबुद्धजनों को समाज के “ओपिनियन मेकर्स” बताते हुए कहा कि उनके सुझाव राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने धारा-370 हटाने, भव्य राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक से मुक्ति और नागरिकता संशोधन कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों ने नए भारत की मजबूत इच्छाशक्ति को प्रदर्शित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न नई नीतियों के माध्यम से विकसित उत्तराखण्ड का मजबूत रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य का विकास केवल सरकारों से नहीं, बल्कि समाज की सोच, नागरिकों की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से संभव होता है। मुख्यमंत्री ने प्रबुद्ध वर्ग से अपने अनुभव, ज्ञान और सुझावों के माध्यम से उत्तराखण्ड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बंडिया स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित “मुख्य सेवक जन संवाद” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उनका फूल-मालाओं और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आज विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही SIR का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और त्रुटियों के सुधार में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने टिफिन बैठक में पदाधिकारियों के साथ मध्याह्न भोजन किया और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




