UKSSSC परीक्षा से पूर्व निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण।
कल दिनांक 14.06.2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज कुमार ठाकुर द्वारा कोटद्वार में परीक्षा केंद्रों तथा क्षेत्राधिकारी सदर श्री तपेश कुमार द्वारा पौड़ी एवं श्रीनगर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की भौतिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित किया तथा परीक्षा के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान परीक्षा केंद्रों के प्रवेश एवं निकास मार्गों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों, संवेदनशील बिंदुओं एवं अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, लॉज, धर्मशालाओं एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में सघन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान भी निरंतर चलाया जा रहा है। पौड़ी पुलिस परीक्षा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।




