विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रतिविद्रोहिता एवं जंगल युद्ध कला पद्धति स्कूल, एसएसबी ग्वालदम में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित।
सुभाष पिमोली थराली।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रतिविद्रोहिता एवं जंगल युद्ध कला पद्धति स्कूल, एसएसबी ग्वालदम के कुनीला परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उप महानिरीक्षक कार्यवाहक रंगनाध चिंताडा द्वारा पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं कार्मिकों के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं, वन विभाग के कार्मिकों, कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम की विशेषज्ञ पादप सुरक्षा सुश्री हीना कौसर एवं विशेषज्ञ गृह विज्ञान डॉ. दीप्ति कोठारी तथा ग्वालदम क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
उप महानिरीक्षक कार्यवाहक रंगनाध चिंताडा ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन एवं पृथ्वी के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संदेश दिया।
यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




