जोशियाड़ा क्षेत्र के कुटेटी-जसपुर सिल्याण मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, मोबाइल उठाने के दौरान पैर फिसलने से युवक की मौत
उत्तरकाशी। उप तहसील जोशियाड़ा अंतर्गत कुटेटी से जसपुर-सिल्याण जाने वाली ग्रामीण मोटर मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घूमने गए तीन दोस्तों में से एक युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई, जिससे परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 6:24 बजे विकास गुसाईं अपने दो दोस्तों राहुल सिंह रावत और त्रिलोक नाथ के साथ कुटेटी-जसपुर सिल्याण मोटर मार्ग पर घूमने गया था। इसी दौरान विकास का मोबाइल फोन हाथ से नीचे गिर गया। फोन उठाने के लिए वह सड़क से नीचे उतरा, लेकिन वहां बिछे पीरुल में पैर फिसलने से वह करीब 50 मीटर गहरी ढलान में जा गिरा।
घटना के बाद साथियों ने तत्काल विकास को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार 21 मई को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मृतक की पहचान विकास गुसाईं पुत्र देवेन्द्र सिंह गुसाईं निवासी ग्राम कन्सेण, उत्तरकाशी उम्र करीब 34 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि विकास ट्रैकिंग दलों के साथ कुकिंग का कार्य करता था। वहीं उसके साथ मौजूद राहुल सिंह रावत निवासी ग्राम बौंगा उम्र 33 वर्ष तथा त्रिलोक नाथ निवासी ग्राम डांग उम्र 28 वर्ष सुरक्षित हैं। दोनों ट्रैकिंग दलों के साथ गाइड के रूप में कार्य करते हैं।




