चेपड़ों से सुनला तक लगातार खनन सामग्री से भरे डंपरों से आम जनता परेशान, नहीं मान रहे एसडीएम के निर्देश
।
सुभाष पिमोली थराली।
चेपड़ों में पिडंर नदी में चल रहे खनन पटटे बजे आम लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं। सुबह 6 बजे से शाम आठ बजे तक लगातार खनन सामग्री ले जा रहे ओवरलोडेड डंपर और ट्रक से जहां चेपड़ों से सुनला तक हर दिन घंटों जाम लग रहा है वहीं इन वाहनों से सड़क और आस-पास लगातार धूल उड़ रही है। जिससे पैदल चलने वाले राहगीरों के साथ ही सड़क किनारे स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और आवासों में भी धूल जाने से लोगों को सांस संबधी दिक्कतों के साथ ही उनका सामान भी खराब हो रहा है। लगातार डंपरों के चलने से कई बार दुर्घटनायें होते-होते बची हैं। इस संबध में नगर पंचायत थराली ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा जिस पर एसडीएम यशवीर सिंह रावत ने पटटे मालिकों को तहसील में तलब कर निर्देश दिये कि डंपरों का टाइमिंग फिक्स किया जाय और सड़क पर लगातार पानी का छिड़काव किया जायें लेकिन पटटाधारकों ने एसडीएम के निर्देश की भी धज्जियां उड़ाई हैं और इस पर कोई अमल नहीं किया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद रावत, प्रेम सिंह, काशी देवी, राकेश सिंह, उमेश पुरोहित आदि का कहना है कि इनके आवागमन के नियम निर्धारित होने चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो समस्त क्षेत्रीय जनता थराली पुल से आवागमन रोक देगी।




