24 दिन से धरने पर आंगनवाड़ी महिलाएं, UKD का समर्थन—सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
देहरादून स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में अपनी मांगों को लेकर पिछले 24 दिनों से धरने पर बैठी आंगनवाड़ी महिलाओं को आज उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के सैनिक प्रकोष्ठ ने खुला समर्थन दिया। कैप्टन महिपाल पुंडीर के नेतृत्व में पहुंचे दल के पदाधिकारियों ने महिलाओं की मांगों को जायज़ बताते हुए सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
धरना स्थल पर मौजूद UKD के महामंत्री कर्नल देवरानी, कर्नल विनोद नेगी और कर्नल चौहान ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाना सिर्फ मांग नहीं, बल्कि उनका अधिकार है, जिसे लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है।
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी ने दो टूक कहा कि आंगनवाड़ी महिलाएं समाज की आधारशिला हैं, लेकिन उन्हें सम्मान और आर्थिक सुरक्षा दोनों से वंचित रखा जा रहा है।
वहीं, दल की महामंत्री एवं प्रवक्ता मीनाक्षी घिल्डियाल ने सरकार को चेताते हुए कहा कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस दौरान महामंत्री कैप्टेन गरिया, पछवादून जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत और हीरा सिंह फ़रसवाँन ने भी साफ किया कि UKD प्रदेश की महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में पूरी ताकत से साथ खड़ा है।
सवाल ये है—24 दिन से सड़क पर बैठी महिलाओं की आवाज आखिर कब सुनेगी सरकार?




