सेलाकुई में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद—जांच जारी
देहरादून जनपद के सेलाकुई क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। आज दिनांक 18 अप्रैल 2026 को प्रातः थाना सेलाकुई को 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि बंजारागली, सेलाकुई में एक महिला ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर महिला छत में पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटकी हुई मिली। पुलिस ने परिजनों की मदद से महिला को नीचे उतारा। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया गया, साथ ही मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस को घटनास्थल से फांसी में प्रयुक्त रस्सी, एक सुसाइड नोट और पेंसिल बरामद हुई है, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।
मृतका की पहचान कामिनी रानी (28 वर्ष) पत्नी दीपक चौहान निवासी ग्राम कमालपुर भोगा, पोस्ट भोगली, थाना नगीना, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह अपने पति दीपक चौहान और दो बच्चों के साथ सेलाकुई में रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका पति डिक्सन कंपनी, सेलाकुई में कार्यरत है।
पुलिस ने मृतका का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है।
फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है।




