✍️ मनमोहन भट्ट, यमुनोत्री/उत्तरकाशी।
कल 19 अप्रैल को श्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुवात होगी। यात्रा के लिए यमुनोत्री धाम क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं। शनिवार को यमुनोत्री धाम कपाटोद्धन से एक दिन पहले उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर यात्रा मार्ग और धाम में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा की तैयारियों से जुड़े कार्यों को पूर्ण करने के लिए प्रशासन और यात्रा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया गया हैं। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं की सुनिश्चिता हेतु कहा है कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित व सुविधाजनक बनाने लिए यात्रा व्यवस्था से जुड़े विभाग व संगठन तत्परता से अपना दायित्व निभाए।
जिलाधिकारी ने यमुनोत्री धाम के 5 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर पूर्ण हो चुके कार्यों को परखा। इस दौरान रेलिंग की मरम्मत, रेन शेल्टर निर्माण, बिजली ,पानी , चिकित्सा, साइन बोर्ड, सफाई व्यवस्था तथा शौचालय आदि से संबंधित कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान वैकल्पिक पैदल मार्ग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने आकस्मिकता अथवा श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की स्थिति में इस मार्ग के उपयोगिता को भी परखा।
यमुनोत्री धाम तक के मार्ग पर सुरक्षा, बिजली, पानी व सफाई व्यवस्था और शौचालयों के निर्माण कार्यों को जांचा तथा मंदिर के समीप चेंजिंग रूम सहित अन्य कार्यों को भी देखा। यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त बनाये रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने धाम के पैदल मार्ग पर मिलने वाले श्रद्धालुओं से भी बात की और यात्रा व्यवस्थाओं संबंधित फीडबैक लिया।
जानकीचट्टी में यात्रा व्यवस्थाओं व तैयारियों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अधिकारियों को घोड़ा पड़ाव की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने तथा घोड़े खच्चरों के लिए पैदल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर बनाई गई चरी में गर्म पानी की निरंतर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यात्रा के सुव्यवस्थित संचालन तथा भीड़ नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने और डंडी-कंडी व घोड़ा-खच्चरों हेतु प्रीपेड काउंटर तथा रोटेशन की उचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम तथा जानकीचट्टी व खरसाली सहित सभी पड़ावों पर सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने पर जोर देते हुए सुलभ इंटरनेशनल व जिला पंचायत के अधिकारियों को सफाई इंतजामों की नियमित निगरानी करने को कहा। रास्ते में कूड़ा व घोड़े खच्चरों की लीद के निस्तारण हेतु प्रतिदिन निरन्तर सफाई व्यवस्था तथा पैदल मार्ग पर जगह-जगह उचित स्थानों एवं ढाबों पर डस्टबिन की व्यवस्था को भी परखा।
जानकीचट्टी सहित यमुनोत्री यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर अपने निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, सफाई एवं टॉयलेट्स व्यवस्था का निरीक्षण कर यात्रा को लेकर की गई तैयारियों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को यात्रा के दौरान सुचारू और नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अधिशासी अभियंता लोनिवि तरुण कंबोज, सीवीओ एचएस बिष्ट, जल संस्थान, सिंचाई, सुलभ इंटरनेशनल, जिला पंचायत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




