बिंदुखत्ता गोला रोड की जर्जर हालत से लोग परेशान, पत्थर उछलकर पहुंच रहे दुकानों में
बिंदुखत्ता क्षेत्र की गोला रोड की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़े हुए पत्थर अब खतरे का कारण बन गए हैं।


स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण पत्थर उछलकर सीधे दुकानों के अंदर तक आ रहे हैं, जिससे सामान को नुकसान पहुंच रहा है और लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। इस वजह से व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग (PWD) को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई मरम्मत या पेंचिंग (patching) का कार्य शुरू नहीं किया गया है। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और दुकानदारों व आम जनता को राहत मिल सके।




