✍️ देहरादून
उत्तराखंड क्रांति दल ने मूल निवास भू कानून के मुद्दे पर आक्रामक रुख अख्तियार कर दिया है । दल ने मूल निवास भू कानून की लड़ाई जनता के बीच ले जाने के लिए मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ का गठन कर दिया है । यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने मूल निवास भू कानून आंदोलन की अगुवाई करने वाले लूशुन टोडरिया को इस प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया है ।
प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुनील कोटनाला एवं मुख्य प्रवक्ता एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के गठन की सूचना मीडिया को दी । केंद्रीय उपाध्यक्ष सुनील कोटनाला ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल मूल निवास भू कानून के मुद्दे पर हमेशा प्रमुखता से मुखर रहा है । यूकेडी ने मूल निवास भू कानून पर हमेशा से अपना रुख स्पष्ट रखा है और इसी को देखते हुए आज मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ का भी गठन कर के इस लड़ाई को तेज करने का निर्णय लिया है । 
केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश भर में आंदोलन करने वाले युवाओं को नेतृत्व प्रदान कर रहा है । इसी क्रम में मूल निवास भू कानून आंदोलन का नेतृत्व करने वाले युवा लूशुन टोडरिया को मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ का अध्यक्ष
नियुक्त किया गया है । अब उत्तराखंड क्रांति दल मूल निवास भू कानून की लड़ाई आर पार की रणनीति के साथ लड़ेगा ।
टोडीरिया ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ने हमेशा से भू कानून और मूल निवास के मुद्दे पर मजबूती से लड़ाई लड़ी और राज्य आंदोलन के दौरान से ही उत्तराखंड की जमीन बचाने की बात कही थी । यह उत्तराखंड क्रांति दल के शीर्ष नेतृत्व की मूल निवास भू कानून के मुद्दे के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है कि उन्होंने अलग से मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ का गठन किया । टोडरिया ने कहा कि अब मूल निवास भू कानून की लड़ाई विशुद्ध रूप से राजनीतिक तरीके से लड़े जाने का समय है और जब विधानसभा चुनाव आने वाले है तो इस समय गैर राजनीतिक आंदोलन सीधा सीधा भाजपा को फायदा पहुंचाएगा । इसलिए इस समय मूल निवास भू कानून का आंदोलन उत्तराखंड क्रांति दल के झंडे के नीचे लड़े जाने की आवश्यकता है । जल्द ही इस प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा और प्रदेश भर में उत्तराखंड क्रांति दल के नेतृत्व में मूल निवास भू कानून के मुद्दे पर जनता को लामबंद किया जाएगा ।
प्रेस वार्ता में ओबीसी प्रकोष्ठ यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष पंकज पैन्यूली,राकेश नेगी,महानगर युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जतिन चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष पौड़ी दीप्ति दूदपुरी,कनिष्क जोशी,पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे ।




