पौड़ी डीएम ने जनता मिलन में सुनी दर्जनों समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान :-पढ़े विस्तृत खबर
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी एक दर्जन से अधिक शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों की विभागीय आख्या भी प्रस्तुत की गई। वार्ड 09 पौड़ी की लक्ष्मी देवी द्वारा जल संस्थान के अधिक बिल की शिकायत पर बकाया राशि को किश्तों में जमा कराने पर सहमति बनी। ग्राम जखेटी निवासी राकेश सिंह की पेयजल समस्या को विभाग ने अगले ही दिन सुचारु कर दिया।
यमकेश्वर के देवराना निवासी कृष्ण कुमार कण्डवाल की आपदा से क्षतिग्रस्त दीवार और रास्ते के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव ग्रामसभा की बैठक में पास कर अगले वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल किया गया। वहीं सुरेन्द्र सिंह कठैत और अनिकेत की शिकायत पर विद्युत पोल स्थापित किए गए।
कोटद्वार के फतेहपुर निवासी श्याम सिंह, तलसारी निवासी सतीश चन्द्र तथा ज्योति रावत की कानून और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। बीरोंखाल के थापला निवासी राजेश सिंह रावत ने गोदिया पाइपलाइन निर्माण कार्य का भुगतान न मिलने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जल निगम को ठेकेदार और श्रमिकों के बीच शीघ्र बैठक कर भुगतान का समाधान निकालने के निर्देश दिए।
पोखड़ा निवासी पुष्कर जोशी ने कृष्ण मोहन चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय में जलापूर्ति की मांग की, जिस पर जल संस्थान को तुरंत जल संयोजन कराने के निर्देश दिए गए। वहीं सिमखेत, पौड़ी निवासी सरोजनी देवी की खेत पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम पौड़ी को सीमांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम कण्डारा निवासी कुलदीप सिंह के घर से 85 मीटर दूर विद्युत लाइन होने की समस्या पर विद्युत विभाग को एक सप्ताह के भीतर पोल स्थापित कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश स्याना, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




